कानून का सख्त संदेश: जब्त मादक पदार्थों का नियमों के तहत किया गया नष्टीकरण
अंबिकापुर। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सरगुजा पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के विभिन्न प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के मार्गदर्शन में सूरजपुर जिले के नयनपुर गिरवरगंज स्थित इंद्रा पावर जैन प्राइवेट लिमिटेड परिसर में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार कुल 15 प्रकरणों में जब्त 44.155 किलोग्राम गांजा, 1,478 इंजेक्शन, 2,610 नशीली टेबलेट तथा 110 कफ सिरप का नियमानुसार नष्टीकरण किया गया। पूरी प्रक्रिया एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप अपनाई गई।
नष्टीकरण की कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष एवं डीआईजी-एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ तथा पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई।
कार्रवाई से पूर्व सभी प्रकरणों की सूची एवं आवश्यक दस्तावेज समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए तथा संबंधित विभागों एवं न्यायालय को नियमानुसार पूर्व सूचना दी गई थी।
इस अवसर पर थाना गांधीनगर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, डीसीआरबी शाखा प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक उमाशंकर पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक गंभीर साय, प्रधान आरक्षक अनिल तिर्की तथा आरक्षक अजय यादव सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
