गुरुवार, 5 नवंबर 2026 लाइव अपडेट जनता की आवाज़, निष्पक्ष पत्रकारिता
Janta Ka Mat जनता की आवाज़, निष्पक्ष पत्रकारिता
Janta Ka Mat
ईमेल: contact@jantakamat.com

छेनी बनी हत्या का हथियार! लखनपुर में युवक की जान लेने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

सिर और शरीर पर गंभीर चोट पहुंचाने से हुई मौत, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल छेनी बरामद की।

Admin 05 Nov 2026 2 बार देखा गया
छेनी बनी हत्या का हथियार! लखनपुर में युवक की जान लेने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम रजपुरीकला टिकरापारा में मामूली विवाद के बाद दो युवकों ने राजमिस्त्री पर छेनी से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हमले में गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को बाड़ीनुमा स्थान पर फेंक दिया। मामले में लखनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई छेनी भी जप्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम रजपुरीकला टिकरापारा निवासी राजमिस्त्री अंगद राम चौधरी का मुकेश चौधरी और धर्मेंद्र चौधरी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने मिलकर अंगद राम चौधरी के साथ मारपीट की और छेनी से उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर वार कर दिए। हमले में लगी गंभीर चोटों के कारण अंगद राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को बाड़ी में फेंका

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मृतक के शव को बाड़ीनुमा स्थान पर फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना लखनपुर में देहाती नालसी दर्ज कर अपराध क्रमांक 286/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की विवेचना शुरू की।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूला अपराध

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी पहचान मुकेश चौधरी (23 वर्ष), पिता श्याम लाल चौधरी और धर्मेंद्र चौधरी (26 वर्ष), पिता स्वर्गीय चंदर लाल चौधरी, निवासी रजपुरीकला टिकरापारा, थाना लखनपुर के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने आपसी विवाद के दौरान आवेश में आकर छेनी से हमला कर अंगद राम चौधरी की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई छेनी भी बरामद कर जप्त कर ली है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश

पुलिस ने मामले में पर्याप्त अपराध साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक संपत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक मनीष तिवारी एवं बैजनाथ राम लकड़ा, प्रधान आरक्षक पीतांबर सिंह एवं विवेक पांडेय तथा आरक्षक दशरथ राजवाड़े, शिवमंगल पैकरा और राजेंद्र लकड़ा सक्रिय रहे।

A
सम्पादक / Author
Admin

वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, जनता का मत डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क।