अंबिकापुर। सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा से लगे लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लैंगा के जंगलों में कथित अवैध कोयला कारोबार का मामला सामने आया है। थाना उदयपुर क्षेत्र के लैंगा-खुटिया गांव की सरहद पर स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे की आड़ में बड़ी मात्रा में कोयला खुलेआम भंडारित किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यहां करीब एक ट्रक कोयला डंप करके रखा गया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है। जंगल में खुलेआम रखे कोयले ने खनिज विभाग और स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों और सूत्रों के अनुसार, इस इलाके में अवैध कोयला भंडारण और तस्करी का कारोबार लंबे समय से संचालित होने के आरोप लगते रहे हैं। आरोप है कि क्षेत्र की एसईसीएल (SECL) खदानों से चोरी किया गया कोयला पहले सुनसान जंगलों में एकत्र किया जाता है और फिर आसपास के इलाकों में संचालित ईंट भट्ठों तक पहुंचाया जाता है। इस पूरे खेल में बंद पड़े ईंट भट्ठों और सुनसान स्थानों का इस्तेमाल कथित तौर पर अस्थायी डंपिंग यार्ड के रूप में किया जा रहा है।
सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा से सटे होने के कारण तस्करों को भौगोलिक स्थिति का फायदा मिलने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोयले को जंगल में जमा करने के बाद मांग और मौके के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जाती है। यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो यह मामला केवल अवैध भंडारण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की जांच जरूरी हो जाएगी।
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल खनिज विभाग और स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। जब जंगल में एक ट्रक के बराबर कोयला खुले में रखा होने की जानकारी सामने आ रही है, तो संबंधित विभागों के मैदानी अमले को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? क्या नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा है या फिर इस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी का अभाव है? ग्रामीणों के बीच ये सवाल लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस इलाके में लंबे समय से अवैध कोयले का भंडारण हो रहा है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाया जाना चाहिए कि कोयला कहां से लाया जा रहा है और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जा रही है। खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम यदि मौके पर पहुंचकर कोयले के स्रोत, परिवहन और भंडारण से जुड़े दस्तावेजों की जांच करे, तो इस कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान हो सकती है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है। क्या लैंगा-खुटिया के जंगल में रखे कोयले की जांच कर उसे जब्त किया जाएगा? क्या कोयले के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय लोगों तक जांच पहुंचेगी? फिलहाल इन सवालों के जवाब प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही सामने आ सकेंगे।



