अंबिकापुर। सरगुजा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और खरीदी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए प्रशासन ने जिले में कुल 61 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से व्यवस्था की है। इस वर्ष जिले में 62 हजार 471 किसानों का पंजीयन हुआ है, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 67 हजार 929.40 हेक्टेयर है। लेकिन धान खरीदी शुरू होने के साथ ही अब व्यवस्था की असली परीक्षा भी शुरू हो गई है।
कहीं मोबाइल से घर बैठे टोकन मिलने पर किसान राहत महसूस कर रहे हैं, तो कहीं खरीदी केंद्र की दूरी और पंजीयन संबंधी समस्याओं को लेकर किसानों की नाराजगी सामने आ रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सरगुजा के सभी धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को वास्तव में कितनी सुविधा मिल रही है?
ऑनलाइन टोकन से किसानों को मिली राहत
इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए 'तुंहर टोकन' मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था लागू की गई है। इसके जरिए पंजीकृत किसान घर बैठे 24 घंटे टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे टोकन कटवाने के लिए सहकारी समितियों के बार-बार चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े रहने की परेशानी कम होने की उम्मीद है।
खरीदी केंद्रों की दैनिक क्षमता का 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन और 30 प्रतिशत टोकन समिति के माध्यम से ऑफलाइन जारी किए जा रहे हैं। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए 80 प्रतिशत टोकन उनके लिए आरक्षित रखे गए हैं।
मेंड्राकला सहकारी समिति में भी ऑनलाइन टोकन व्यवस्था का लाभ किसानों को मिला है। यहां जोगीबांध निवासी किसान सखाराम राजवाड़े ने मोबाइल से टोकन प्राप्त कर 18 क्विंटल धान बेचने की प्रक्रिया पूरी की। वहीं मुड़ेसा निवासी किसान सतीश राजवाड़े ने भी ऑनलाइन टोकन व्यवस्था को सुविधाजनक बताया।
लखनपुर में खरीदी केंद्र को लेकर किसानों का विरोध
एक ओर जहां कुछ खरीदी केंद्रों में व्यवस्था को लेकर किसान संतुष्टि जता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लखनपुर विकासखंड में धान खरीदी केंद्र को लेकर किसानों का विरोध भी सामने आया है।
16 नवंबर को कोरजा धान उपार्जन केंद्र के विरोध में किसानों ने लहपटरा गांधी चौक पर अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। किसान निम्हा धान खरीदी केंद्र को पूर्ववत संचालित करने अथवा उनकी सुविधा के अनुसार नया खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर रहे थे।
किसानों का कहना था कि नए केंद्र की दूरी और अन्य व्यवस्थाओं के कारण उन्हें धान बेचने में परेशानी हो सकती है। इसके अलावा एग्रीस्टेक पंजीयन के अप्रूवल में देरी को लेकर भी किसानों ने चिंता जताई।
मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने किसानों से बातचीत कर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया, लेकिन किसान ठोस निर्णय की मांग पर अड़े रहे।
पहले दिन 13 किसानों ने कटाया 672.80 क्विंटल का टोकन
जिले में धान खरीदी के पहले दिन विभिन्न उपार्जन केंद्रों में 13 किसानों ने कुल 672.80 क्विंटल धान के लिए टोकन प्राप्त किया। इसमें मेंड्राकला केंद्र में 6 किसानों के 288.80 क्विंटल, खड़गांव में 3 किसानों के 188.80 क्विंटल, राजापुर में 2 किसानों के 106 क्विंटल, सलका में 1 किसान के 15.20 क्विंटल और उदयपुर में 1 किसान के 74 क्विंटल धान का टोकन शामिल है।
व्यवस्था की असली परीक्षा अभी बाकी
धान खरीदी की शुरुआत के साथ ऑनलाइन टोकन और नए खरीदी केंद्रों से किसानों को सुविधा मिलने की उम्मीद जरूर बढ़ी है, लेकिन हर किसान तक इन सुविधाओं का लाभ पहुंचना जरूरी है।
किसानों के लिए केवल 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की घोषणा पर्याप्त नहीं है, बल्कि समय पर टोकन, सही तौल, पर्याप्त बारदाना, पेयजल, छायादार स्थान और खरीदी के बाद भुगतान की प्रक्रिया भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं का कितनी तेजी से समाधान करता है और खरीदी सीजन के दौरान सभी केंद्रों पर व्यवस्था कितनी सुचारू बनी रहती है।



