मंगलवार, 24 नवंबर 2026 लाइव अपडेट जनता की आवाज़, निष्पक्ष पत्रकारिता
Janta Ka Mat जनता की आवाज़, निष्पक्ष पत्रकारिता
Janta Ka Mat
ईमेल: contact@jantakamat.com

27,200 मिलीलीटर रक्त संग्रहित, महापौर मंजूषा भगत और नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह ने की पहल की सराहना

Admin 24 Nov 2026 9 बार देखा गया
27,200 मिलीलीटर रक्त संग्रहित, महापौर मंजूषा भगत और नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह ने की पहल की सराहना

अंबिकापुर में चर्च ऑफ गॉड का विशाल रक्तदान अभियान, 117 लोगों ने किया रक्तदान

27,200 मिलीलीटर रक्त संग्रहित, महापौर मंजूषा भगत और नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह ने की पहल की सराहना

अंबिकापुर - जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और समाज में मानवता एवं सेवा का संदेश देने के उद्देश्य से चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी द्वारा रविवार, 22 नवंबर 2026 को अंबिकापुर स्थित आर.एस.डी.के.एस. शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 'फसह के प्रेम के द्वारा जीवन देने के लिए 2015वीं विश्व रक्तदान ड्राइव' का आयोजन किया गया। इस अभियान में चर्च के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में लगभग 240 लोग शामिल हुए, जिनमें से स्वास्थ्य जांच के बाद 117 लोगों ने रक्तदान किया। अभियान के तहत कुल 27,200 मिलीलीटर रक्त संग्रहित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ ही लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा। चिकित्सा महाविद्यालय की ओर से चिकित्सकीय टीम, रक्तदान संबंधी आवश्यक सामग्री और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप मापन और अन्य चिकित्सकीय प्रक्रियाओं के बाद सुरक्षित तरीके से रक्तदान संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अंबिकापुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह उपस्थित रहे। महापौर मंजूषा भगत ने संस्था के सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ल्ड मिशन सोसायटी चर्च ऑफ गॉड समाजहित के कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहती है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से जरूरतमंद मरीजों को बड़ी सहायता मिलती है। उन्होंने इस पहल के लिए संस्था के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

वहीं नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह ने कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में सहयोग किया जा सकता है। संस्था की यह पहल सराहनीय है और ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना मजबूत होती है।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. राकेश निगम, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आर.सी. आर्य, असिस्टेंट मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जी.के. दामले एवं सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

रक्तदान करने वाले लोगों ने भी इस पहल को अपने लिए विशेष अनुभव बताया। सत्यदीप टोप्पो ने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाने की संभावना का एहसास ही सबसे बड़ा सुकून है। रेशमा खेस ने कहा कि दूसरों का जीवन बचाने के उद्देश्य से रक्तदान करके उन्हें खुशी मिली। वहीं प्रबोध कुजुर और पवन तिग्गा ने भी रक्तदान को मानवता और सेवा से जुड़ा सराहनीय कार्य बताया।

चर्च ऑफ गॉड के अधिकारी किरण चौहान (केविन) ने बताया कि संस्था मसीह के प्रेम, त्याग और मानव सेवा की शिक्षा से प्रेरित होकर विश्व स्तर पर रक्तदान अभियान संचालित कर रही है। वर्ष 2005 में दक्षिण कोरिया से शुरू हुआ यह अभियान अब 68 देशों तक पहुंच चुका है। सितंबर तक इस अभियान के अंतर्गत 1,890 रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 1.46 लाख लोगों ने रक्तदान किया है।

संस्था के अनुसार, रक्तदान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्य भी विभिन्न देशों में किए जा रहे हैं। अंबिकापुर में आयोजित यह अभियान भी इसी सामाजिक सेवा की कड़ी के रूप में सामने आया।

A
सम्पादक / Author
Admin

वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, जनता का मत डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क।